बोरियो- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के सफल संचालन एवं शत-प्रतिशत क्रियान्वयन को लेकर बाल विकास परियोजना कार्यालय, बोरियो में आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में आईपीई ग्लोबल के प्रखंड प्रभारी पप्पू कुमार घोष एवं जिला प्रभारी नवाब परवेजी ने सेविकाओं को योजना से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी.
पात्र लाभुकों की पहचान से लेकर ऑनलाइन प्रविष्टि तक की जानकारी
प्रशिक्षकों ने सेविकाओं को पात्र लाभुकों की पहचान, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन प्रविष्टि, लंबित मामलों के निष्पादन एवं प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया के बारे में बताया. उन्हें योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिलने वाले लाभ और आवेदन से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गयी.
पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने का निर्देश
सेविकाओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित पात्र लाभुकों की पहचान करें और उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें. अधिकारियों ने कहा कि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाने में आंगनबाड़ी सेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है.
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत सेविकाओं को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जाएगी. प्रशिक्षण का समय प्रत्येक दिन पूर्वाह्न 11 बजे निर्धारित किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सेविकाओं को योजना की पूरी जानकारी देकर सक्षम बनाना है, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके.
