राजमहल से दिनेश और रतन की रिपोर्ट
Rajmahal Crime News: झारखंड के साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज छिनतई की घटना सामने आई. डेढगामा गांव के समीप मुख्य मार्ग पर नकाबपोश अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया. घटना उस समय हुई जब दुकानदार अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे. सुनसान सड़क का फायदा उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया.
नगद, सोना और चांदी की लूट
पीड़ित की पहचान तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया निवासी गौतम स्वर्णकार के रूप में हुई है, जो मंगलहाट चौक स्थित आभूषण दुकान संचालित करते हैं. पीड़ित के अनुसार अपराधियों ने उनसे लगभग 80 हजार रुपए नगद, करीब आधा किलो चांदी और दो भरी सोने के जेवरात लूट लिए. इसके साथ ही बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए गए.
मारपीट के बाद फायरिंग
घटना के दौरान 4 से 5 अपराधी चेहरे को कपड़े से ढके हुए थे. उन्होंने पहले देशी कट्टा के बट से व्यवसायी पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. इसके बाद लूटपाट को अंजाम दिया. जाते समय अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की. अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया.
अस्पताल में कराया गया इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तुरंत राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस घटना ने इलाके के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है.
पुलिस जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन और एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिलने की बात भी सामने आई है.
संदिग्ध हिरासत में, जल्द खुलासे का दावा
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा. एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में इन 30 गांवों में डिजिटल इंडिया फेल, पेड़-पहाड़ पर चढ़कर मोबाइल चलाते हैं लोग
बढ़ती आपराधिक घटनाओं से चिंता
इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं. खासकर व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में सांस लेना भी खतरनाक, झारखंड में बना सबसे प्रदूषित शहर
