चांद रात आज, बाजारों में उमड़ेगी भीड़, लाखों की होगी खरीदारी
कॉस्मेटिक की दुकानों पर भीड़ उमड़ने की संभावना
By ABDHESH SINGH | Updated at :
साहिबगंज (फाइल फोटो)
साहिबगंज.
मुस्लिम समुदाय के पवित्र महीने रमजान-उल-मुबारक की अंतिम रात को चांद रात कहा जाता है, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है. आज शाम जैसे ही ईद का चांद दिखायी देगा, पूरे शहर में चांद रात की रौनक छा जाएगी और अगले दिन ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा. चांद रात के मौके पर साहिबगंज के बाजारों में खास चहल-पहल देखने को मिलेगी. देर रात तक दुकानें खुली रहेंगी और लोग जमकर खरीदारी करेंगे. इस दौरान कपड़ा बाजार, जूते-चप्पल की दुकानें, मिठाई की दुकानों और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भीड़ उमड़ने की संभावना है. खासकर युवाओं और बच्चों में नए कपड़े खरीदने का उत्साह अलग ही नजर आता है. जानकारी के अनुसार, इस एक रात में लाखों रुपये के सामानों की खरीदारी होती है. लोग सेवई, खजूर, टोपी, कुर्ता-पायजामा, इत्र, चूड़ी, सैंडल सहित विभिन्न जरूरी सामान खरीदते हैं. वहीं महिलाएं भी घर की सजावट और ईद के पकवानों की तैयारी के लिए जरूरी सामग्री खरीदती हैं. व्यापारियों के लिए भी चांद रात बेहद खास होती है, क्योंकि इस दिन उनकी बिक्री में काफी बढ़ोतरी होती है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन भी बाजारों में चौकसी बढ़ा देता है, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में खरीदारी कर सकें. कुल मिलाकर चांद रात न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि आपसी भाईचारे, उत्साह और खुशियों का भी खास अवसर बन जाता है.