खबर का असर: चार दिन बाद रेलवे की टूटी नींद, तीनपहाड़ स्टेशन पर नया मोटर लगाने का काम शुरू

चार दिनों से पेयजल की किल्लत झेल रहे यात्रियों के लिए खुशखबरी! तीनपहाड़ स्टेशन पर नया मोटर लगने का काम शुरू, जल्द बहाल होगी पानी की आपूर्ति.

तीनपहाड़ . मालदा रेल मंडल के तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर पिछले चार दिनों से ठप पेयजल आपूर्ति को लेकर यात्रियों को हो रही परेशानी के बीच रेलवे विभाग ने शुक्रवार को नया मोटर लगाने का काम शुरू कर दिया . प्रभात खबर में समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किये जाने के बाद विभाग हरकत में आया और सात एचपी का नया मोटर लाकर उसे लगाने की प्रक्रिया शुरू की गयी . नया मोटर एसएसई, साहिबगंज की देखरेख में मिस्त्री द्वारा लगाया जा रहा है .

क्वार्टर के कनेक्शन से दी गयी थी तत्काल पानी की सप्लाई

पानी की समस्या के बीच यात्रियों को तत्काल राहत देने के लिए विभाग की ओर से तीनपहाड़ रेलवे क्वार्टर के कनेक्शन से स्टेशन पर अस्थायी रूप से वाटर सप्लाई की गयी थी . अब नया मोटर लगने के बाद स्टेशन की नियमित जलापूर्ति बहाल होने की उम्मीद है .

चार दिनों से सूखी पड़ी थीं पानी की टंकियां

तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए पेयजल की व्यवस्था के तहत प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चार पानी की टंकियां और ठंडे पानी के लिए एक टंकी लगायी गयी है . वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर दो पर भी एक पानी की टंकी और पेयजल के लिए शेड बनाया गया है . लेकिन मोटर जलने के कारण सोमवार से ही पानी की सप्लाई बंद थी और सभी टंकियां सूखी पड़ी थीं .

पानी नहीं मिलने के कारण यात्रियों को मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही थी . इससे यात्रियों को आर्थिक परेशानी के साथ काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा .

पे एंड यूज शौचालय भी पानी के अभाव में बंद

स्टेशन पर पानी की आपूर्ति बाधित होने का असर सिर्फ पेयजल व्यवस्था पर ही नहीं पड़ा, बल्कि पे एंड यूज शौचालय भी पानी के अभाव में बंद हो गया था . इससे यात्रियों, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था .

नया मोटर लगने से जल्द राहत की उम्मीद

नया सात एचपी मोटर लगाने का काम शुरू होने के बाद यात्रियों को जल्द पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद है . विभाग की इस पहल से स्टेशन पर पेयजल और शौचालय की सुविधा फिर से सुचारु होने की संभावना है .

तीनपहाड़ स्टेशन प्रबंधक रजनीश कुमार ने बताया कि संबंधित विभाग द्वारा नया मोटर लाकर लगाने का काम किया जा रहा है . मोटर लगने के बाद स्टेशन पर पानी की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है .


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीप सिंह

दीप सिंह , 25 मार्च 2010 से प्रभात खबर से जुड़े हैं। रिपोर्टर के रूप में प्रभात खबर में कार्य शुरू किए। 2015 में राजमहल कार्यालय का मॉडेम प्रभारी बनाया गया। कई महत्वपूर्ण एक्सक्लूसिव, पड़ताल और जन समस्या की खबर पर बेहतर कार्य करने का मौका मिला। बीच के अंतराल में वर्ष 2018 से 5 अगस्त 2023 तक दैनिक हिंदुस्तान अखबार में राजमहल से कार्य किए। पुनः 12 अगस्त 2023 से अबतक वर्तमान में राजमहल मॉडेम कार्यालय के प्रभारी के रूप में कार्य कर रहा हूं। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक दोनों ही प्लेटफार्म पर बेहतर कार्य करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >