साहिबगंज. झारखंड बोर्ड की कक्षा 10 की परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने राज्यभर में उग्र आंदोलन छेड़ दिया है. साहिबगंज नगर के स्टेशन चौक पर शुक्रवार को देर शाम जोरदार प्रदर्शन किया. प्रांत सह मंत्री सुनिधि कुमारी व प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक उपस्थित थे. नगर मंत्री अविनाश साह ने विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया. मौके पर प्रांत सह मंत्री सुनिधि कुमारी ने छात्रों की आवाज दबाने और शिक्षा माफियाओं को बचाने का आरोप सरकार पर लगाया. कहा भ्रष्ट सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. प्रतिनिधिमंडल जब चेयरमैन से मिलने गया, तो उन्हें जबरन मिलने से रोका गया. इससे साफ है कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए छात्रों को हतोत्साहित कर रही है. नगर मंत्री अविनाश साह ने कहा झारखंड सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की बजाय बर्बाद करने पर तुली है. छात्रों के हक की आवाज उठाने पर हम पर दमनचक्र चलाया जा रहा है. लेकिन हम झुकने वाले नहीं हैं. प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक इंद्रजीत साह ने भी सरकार का विरोध किया. मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चंदन गुप्ता, नगर सह मंत्री निखिल कुमार, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश कुमार, एसएफएस प्रमुख ज्योति कुमारी, सोशल मीडिया संयोजक सुमित कुमार, रिया कुमारी, पायल आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
