साहिबगंज. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. युवक बुलेट मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ लेकर राजमहल की ओर से जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में पहुंचा था. पुलिस ने उसके पास से करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर और स्मैक, एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
जिरवाबाड़ी थाना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की शाम करीब साढ़े सात बजे नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बुलेट मोटरसाइकिल संख्या जेएच18क्यू-4217 से राजमहल की ओर से जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और स्मैक लेकर आने वाला है.
सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारी को दी गयी. इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना और जिरवाबाड़ी थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की.
वाहनों की जांच के दौरान दिखा बुलेट सवार
पुलिस टीम ने आजाद नगर पुलिस लाइन रोड स्थित विवाह भवन के पास वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान करीब 8:30 बजे जिरवाबाड़ी की ओर से एक बुलेट सवार युवक तेज गति से आता दिखाई दिया. पुलिस टीम को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया. हालांकि, छापेमारी दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया.
खैनी के डिब्बे में छिपाकर रखा था नशे का सामान
तलाशी के दौरान युवक के पास खैनी के डिब्बे में छिपाकर रखा गया करीब 8 ग्राम ब्राउन शुगर और स्मैक बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार युवक की पहचान राजकुमार हरी, उम्र करीब 20 वर्ष, पिता कमल हरी, निवासी झरना कॉलोनी, संध्या कॉलेज के पास, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज के रूप में हुयी है.
बुलेट, मोबाइल और नशीला पदार्थ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार युवक के पास से एक बुलेट हंटर मोटरसाइकिल जेएच18क्यू-4217, एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और करीब 8 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ ब्राउन शुगर और स्मैक बरामद किया है.
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार किया है. उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थ के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवायी लगातार जारी रहेगी.
