नगर प्रतिनिधि, साहिबगंज साहिबगंज सदर अस्पताल के एसएनसीयू में इलाजरत नवजात शिशु की मौत सोमवार की सुबह हो गयी. शिशु के परिजनों ने एसएनसीयू के चिकित्सक और कर्मचारी पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. इस संबंध में नवजात शिशु के पिता प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने अपनी पत्नी को रात 2 बजे सदर अस्पताल में भर्ती कराया था. शनिवार की शाम 5 बजे पत्नी ने नवजात को जन्म दिया. नवजात शिशु को सदर अस्पताल के एसएनसीयू में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, लेकिन वहां भर्ती करने के बावजूद किसी प्रकार की दवा नहीं दी गयी. चिकित्सक ने कहा कि बच्चे की हालत गंभीर है, उसे प्राइवेट क्लीनिक में ले जाकर दिखाएं. सुबह होते ही नवजात की मौत हो गयी. उन्होंने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता. पत्नी का प्रसव होने के बाद स्वास्थ्य कर्मचारी और सफाई कर्मचारियों ने पैसे की मांग की, जिससे मजबूर होकर 2500 रुपये सेवा शुल्क के नाम पर देने पड़े. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
