बरहरवा : राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा सोमवार को बरहरवा प्रखंड के पलाशबोना पहुंचे और झामुमो के बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर के आवास पर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अब्दुल गफूर की पत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया.
कोलकाता में इलाज के दौरान हुआ था निधन
गौरतलब है कि अब्दुल गफूर की पत्नी का पिछले दिनों कोलकाता में इलाज के दौरान निधन हो गया था. निधन की खबर मिलने के बाद सांसद विजय कुमार हांसदा सोमवार को उनके घर पहुंचे. उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
सांसद ने परिजनों से उनकी स्थिति की जानकारी ली और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. उन्होंने कहा कि परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है और इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ हैं. सांसद ने परिजनों को धैर्य बनाए रखने की बात कही.
कार्यकर्ताओं ने भी जतायी संवेदना
इस मौके पर झामुमो के स्थानीय कार्यकर्ता एवं समर्थक भी मौजूद रहे. क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
