राजमहल : शहर के निरीक्षण भवन में झामुमो नगर एवं प्रखंड कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. इसमें झारखंड के शिक्षा मंत्री रहे स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
जनसेवा और संगठन के प्रति निष्ठा को किया याद
नगर अध्यक्ष मो अजरूद्दीन उर्फ आजाद ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झामुमो के साथ-साथ पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि सोनू का जनसेवा के प्रति समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा हमेशा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहेगी. उनका सरल स्वभाव और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा. उनके निधन से पार्टी ने एक समर्पित और कर्मठ नेता को खो दिया है.
शोकाकुल परिजनों के प्रति जतायी संवेदना
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू की कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी. इस दौरान शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. मौके पर प्रखंड अध्यक्ष मो अनिसुर रहमान, रमेश रजक, रमजान अली, राजीव कुमार, स्मित चौरसिया, अब्दुल कादिर, दीपक पांडेय, जावेद अख्तर, राजीव मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
उधवा में भी आयोजित हुई शोक सभा
उधवा प्रतिनिधि के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से मंगलवार को उधवा प्रखंड कार्यालय परिसर में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक सभा आयोजित की गयी. इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.
पार्टी और राज्य के लिए बताया अपूरणीय क्षति
शोक सभा में प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को पार्टी और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने संगठन और जनहित के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. उनके निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है.
मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने कुछ क्षण का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की. मौके पर झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य एखलाकुर रहमान, उपाध्यक्ष जैनुल आब्दीन, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अनवारूल हक, टीपू सुल्तान, सकल हेंब्रम, मुखिया अताउर रहमान, पाइका हेंब्रम, सरफराज, मंजूर जाबिर आलम, जहांगीर अली, रूहुल अमीन, डॉली नाज, भोला शेख सहित अन्य मौजूद थे.
