राजमहल : अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल का सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया. औचक निरीक्षण पर अस्पताल पहुंचे सीएस ने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण काउंटर, ऑपरेशन थिएटर समेत विभिन्न विभागों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली.सीएस ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर इलाज एवं उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की.
दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने की हिदायत
उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता, दवाओं की स्थिति और इलाज की व्यवस्था की भी समीक्षा की. ऑपरेशन थिएटर के निरीक्षण के दौरान जानकारी मिली कि गुरुवार को दो महिलाओं का ऑपरेशन किया गया.निरीक्षण के दौरान सीएस ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों का समय पर पंजीकरण, जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा दवा वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
अस्पताल में नियमित साफ-सफाई का निर्देश
अस्पताल परिसर, वार्ड एवं ओपीडी में नियमित साफ-सफाई कराने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिलना चाहिए. स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने तथा अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने को कहा. मौके पर उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, उधवा प्रभार के प्रभारी डॉ. मो. गुफरान आलम, आफताब आलम समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.
