बरहरवा : प्रसिद्ध विंध्यवासिनी मंदिर बरहरवा में दानपेटी का ताला तोड़कर रुपये चोरी करने और मंदिर की घंटी गायब होने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी गंगा बाबा ने मंदिर अध्यक्ष शक्तिनाथ अमन को दी.
सीसीटीवी फुटेज से युवक की पहचान
सूचना मिलने पर मंदिर अध्यक्ष और अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे. उन्होंने देखा कि दानपेटी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखे रुपये गायब हैं. इसी दौरान मंदिर की घंटी भी चोरी होने की जानकारी मिली. इसके बाद मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गयी, जिसमें मंदिर के पास एक युवक दिखाई दिया. फुटेज के आधार पर उसकी पहचान किये जाने की बात सामने आयी.
पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया
मंदिर अध्यक्ष ने घटना की सूचना रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव को दी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी के आधार पर युवक को हिरासत में लिया. उससे पूछताछ की जा रही है. उसके साथ एक और युवक के होने की भी चर्चा है.
पुलिस की ओर से मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है. हिरासत में लिया गया युवक पूर्व में बैटरी चोरी के मामले में जेल जा चुका है.
