गवर्नर ने गुरुजी को पद्मभूषण पर केंद्र का आभार जताया, दीपिका ने भारत रत्न की मांग रखी

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने श्रद्धांजलि दी.

रांची. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और राज्यसभा सांसद महुआ माजी श्रद्धांजलि देने पहुंचे. सभी ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राज्यपाल ने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को पद्मभूषण दिये जाने पर केंद्र सरकार का आभार जताया.

भारत सरकार के प्रति आभार जताया

राज्यपाल ने भारत सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण सम्मान से अलंकृत किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है. शिबू सोरेन का नाम सदैव अमर रहेगा. इस राज्य के निर्माण में उनका अहम योगदान रहा है. मीडिया को संबोधित करने के बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री श्री सोरेन से बोलने का आग्रह किया. इस पर श्री सोरेन ने कहा कि आपने तो सब बोल ही दिया है. इधर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राज्यपाल ने झारखंड के गांधी दिशोम गुरु शिबू सोरेन को पद्मभूषण देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया है. हम भी धन्यवाद करते हैं, लेकिन सही सम्मान तब होगा, जब उन्हें भारत रत्न दिया जायेगा. यह झारखंड के लोगों का सम्मान होगा. इस कार्य को लोकभवन के माध्यम से आगे बढ़ाया जाना चाहिए.

गांधी का व्यक्तित्व व दर्शन पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत : सीएम

इधर, सरकार की ओर से जारी बयान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें पूरा देश याद कर रहा है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का व्यक्तित्व, उनका जीवन दर्शन, त्याग, संघर्ष और आदर्श पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाये मार्ग पर चलकर ही समृद्ध राज्य, विकसित देश और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व वाली दुनिया की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat gopal jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >