रांची से विपिन सिंह की रिपोर्ट
Ranchi News: स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग झारखंड के हेल्थ सेक्टर में डिजिटाइजेशन पर जोर दे रहा है. इसके तहत रांची के सदर अस्पताल को स्टेट लेवल का डिजिटल हब सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा. विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रांची सदर अस्पताल को टेली एसएनसीयू हब और ई-संजीवनी हब सेंटर के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देश के अनुसार वर्तमान में रांची सदर अस्पताल में संचालित टेली रेडियोलॉजी हब तथा टेली आईसीयू हब की सफलता को देखते हुए अब नवजात शिशुओं की गहन चिकित्सा सेवाओं (एसएनसीयू) और ऑनलाइन परामर्श सेवाओं को भी डिजिटल नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई गई है.
अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन को दिया निर्देश
अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रांची के सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि टेली एसएनसीयू हब और ई-संजीवनी हब की स्थापना से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराया जाए, ताकि परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि झारखंड के नागरिकों को उनके जिले और प्रखंड स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों.
इमरजेंसी में मिलेगा तत्काल चिकित्सकीय परामर्श
टेली एसएनसीयू हब के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में स्थापित एसएनसीयू इकाइयों को रांची से जोड़ा जाएगा. इससे दूरस्थ जिलों में भर्ती गंभीर नवजात शिशुओं की स्थिति की निगरानी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ऑनलाइन की जा सकेगी. आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: एसआईआर पर झामुमो की बैठक में बोले सुदिव्य कुमार सोनू, भाजपा जनता को कर रही है गुमराह
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डॉक्टर देंगे परामर्श
साथ ही ई-संजीवनी हब के विकसित होने से राज्य के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी. इससे मरीजों को बड़े शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता कम होगी और समय व धन दोनों की बचत होगी.
इसे भी पढ़ें: सिमडेगा में जलापूर्ति योजना के 123 पाइप चोरी करने आए 2 चोर गिरफ्तार, 2 ट्रक जब्त
