अनगड़ा की शराब दुकान में ठांय-ठांय गोली चलाने वाले चले गए जेल, अब पीसेंगे चक्की

Ranchi Liquor Shop Firing: रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद में शराब दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. रंगदारी वसूलने के लिए दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग की गई थी. पुलिस ने हथियार, 19 जिंदा कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद किए हैं. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

अनगड़ा से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट

Ranchi Liquor Shop Firing: झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में गेतलसूद स्थित शराब की कम्पोजिट दुकान पर फायरिंग करने वाले तीन कुख्यात अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. पुलिस के अनुसार अपराधियों ने दुकान में रंगदारी वसूलने के लिए दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी.

3 मार्च की रात हुई थी फायरिंग की घटना

पुलिस के मुताबिक 3 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे गेतलसूद बाजार स्थित शराब की कम्पोजिट दुकान पर तीन अपराधी पहुंचे थे. दुकान पर पहुंचते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों को धमकाते हुए जबरन शराब की बोतलें देने की मांग की. कर्मचारियों द्वारा मना करने पर अपराधियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों को डराने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से दुकान में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए काउंटर के पीछे छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई.

पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के एसएसपी, ग्रामीण एसपी और सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई. अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई. इसके बाद इलाके में छापेमारी अभियान शुरू किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर जोन्हा इलाके के पास घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.

रंगदारी के लिए की गई थी फायरिंग

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने इलाके में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी. पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इनका आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है.

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपियों में पहला आरोपी देव सिंह मुंडा (35 वर्ष) है, जो जोन्हा का रहने वाला है. इस पर अनगड़ा और मैक्लुस्कीगंज थानों में अपहरण, आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सीएलए एक्ट से जुड़े कुल 9 गंभीर मामले दर्ज हैं. दूसरा आरोपी गौतम यादव उर्फ गोल्डन यादव (30 वर्ष) है, जो मैक्लुस्कीगंज का रहने वाला है और उसका स्थायी पता लातेहार जिले के बालूमाथ में है. पुलिस के अनुसार यह एक बेहद कुख्यात अपराधी है. इस पर हत्या, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 12 मामले दर्ज हैं. ये मामले मैक्लुस्कीगंज, बालूमाथ, चान्हो और अनगड़ा थानों में दर्ज हैं. तीसरा आरोपी भोलू सोनी उर्फ भोलू वर्मा (27 वर्ष) है, जो रांची के मधुकम रोड, सुखदेवनगर का निवासी है. इस पर भी लूट और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं.

हथियार और बाइक समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं. इनके पास से एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी कट्टा और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. इसके अलावा, चार मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई एक पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है. पुलिस का मानना है कि इन मोबाइल फोन से गिरोह के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में 952.50 रुपये में मिल रहा घरेलू गैस सिलेंडर, कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2031 रुपये

कई थानों की टीम ने मिलकर चलाया अभियान

इस पूरे अभियान में सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के साथ कई थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. छापेमारी दल में टाटीसिल्वे थाना प्रभारी हंसे उरांव, अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार, सिकिदिरी थाना प्रभारी सचिन मिश्रा, मुरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार मेहता, एसआई वरुण कुमार, एएसआई सचिन लकड़ा और तकनीकी शाखा के बलेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

इसे भी पढ़ें: दुमका को जल्द मिलेगा तारामंडल का तोहफा, जापानी टेक्निशियन तेजी से कर रहे काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >