Ranchi Kidnapping Case : रांची जिले के गौरीशंकर नगर निवासी महेंद्र दुबे के पुत्र अमन के अपहरण की सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस हरकत में आ गयी और महज दो घंटे के भीतर अपहृत को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने इस मामले में आयुष, शुभम और यर्थाथ को गिरफ्तार कर लिया है. अपहरण में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया है.
स्कॉर्पियो समेत तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गयी. आरोपी स्कॉर्पियो से शहर के विभिन्न इलाकों में घूमते रहे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा जारी रखा. अंततः रिंग रोड के पास वाहन को घेरकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. वे पहले भी मारपीट और जानलेवा हमले के मामलों में जेल जा चुके हैं.
10 लाख की फिरौती मांगकर दी हत्या की धमकी
प्राथमिकी के अनुसार महेंद्र दुबे ने बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 10:11 बजे उनकी पत्नी के मोबाइल पर एक कॉल आया. कॉल करनेवाले ने बताया कि अमन का बिग बास्केट ऑफिस से अपहरण कर लिया गया है और उसे छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी. इसके बाद उन्होंने अमन के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की. जांच के दौरान आयुष, शुभम, यर्थाथ, प्रिंस तथा चार अज्ञात लोगों की संलिप्तता की जानकारी मिली. आरोपियों ने फोन पर धमकी दी कि यदि जल्द 10 लाख रुपये नहीं पहुंचाए गये तो अमन की हत्या कर दी जायेगी. इसके बाद महेंद्र दुबे तत्काल डोरंडा थाना पहुंचे, प्राथमिकी दर्ज करायी और पुलिस से अपने बेटे को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाने की गुहार लगायी. इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की.
इसे भी पढ़ें: नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में झारखंड के गुदड़ी ने रचा इतिहास, पूर्वी भारत का नंबर-1 आकांक्षी प्रखंड बना
इसे भी पढ़ें: रांची हाई-प्रोफाइल चोरी का मामला: अशोक नगर में चोरी करने दिल्ली के बवाना और बिहार के सीतामढ़ी से आई थी दो चोरनी
