रांची. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीइसीइबी) ने नीट यूजी-2026 के रिजल्ट के आधार पर तैयार स्टेट मेरिट लिस्ट में करेक्शन के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन मांगा है. सात सितंबर को प्रकाशित स्टेट मेरिट लिस्ट में शामिल अभ्यर्थी 22 सितंबर से 23 सितंबर की शाम 6 बजे तक नया एप्लीकेशन जमा कर सकते हैं.
अभ्यर्थियों को आवेदन में जिस जानकारी में करेक्शन चाहिए, उसे स्पष्ट रूप से दर्ज करना होगा. इसके साथ संबंधित सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स भी controller jceceb@gmail.com पर ईमेल से भेजने होंगे. तय समय के बाद या जरूरी दस्तावेजों के बिना प्राप्त होने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जायेगा. प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पर्षद इस संबंध में निर्णय लेगा.
एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस में स्टेट कोटा नामांकन के लिए बनी है मेरिट लिस्ट
पर्षद की ओर से एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस कोर्स में स्टेट कोटा सीटों पर नामांकन के लिए ऑनलाइन काउंसेलिंग को लेकर स्टेट मेरिट लिस्ट तैयार की गयी थी. इसके लिए छह अगस्त को विज्ञापन जारी किया गया था.
पर्षद को कुछ अभ्यर्थियों की ओर से कैटेगरी और अन्य विवरणों में करेक्शन का मौका देने के संबंध में अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं. इसी के मद्देनजर परीक्षा नियंत्रक की ओर से सोमवार को सूचना जारी कर करेक्शन के लिए आवेदन का मौका दिया गया है.
सिर्फ विज्ञापन के क्लॉज सात के तहत मिले आवेदनों पर होगा विचार
सूचना में स्पष्ट किया गया है कि सिर्फ उन्हीं रिप्रेजेंटेशन पर विचार किया जायेगा, जो पूर्व में जारी विज्ञापन के क्लॉज सात के प्रावधानों के अनुसार जमा किये गये हैं.
इसके अलावा एसटी/एससी, बीसी वन (एसी/सीएल), बीसी टू (एनसीएल) और ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र सिर्फ झारखंड राज्य के एसडीओ (सिविल) द्वारा जारी किये गये होने पर ही स्वीकार किये जायेंगे.
