JPSC JSSC Reform Movement: राज्य सरकार ने जेपीएससी द्वारा ली गयी 21 और जेएसएससी सीजीएल की एक परीक्षा को रद्द करने की अधिसूचना देर रात जारी कर दी. वहीं, 23 परीक्षाओं की जांच के आदेश भी जारी हो गये. सरकार की अधिसूचना के बाद जेपीएससी- जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने पिछले 25 दिनों से चल रहा अपना आंदोलन बुधवार को स्थगित कर दिया और रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में जमे छात्र लौट गये. इससे पहले छात्रों ने राज्य सरकार का आभार जताया.
परीक्षा रद्द होने पर छात्रों ने निकाली आभार यात्रा
बुधवार की देर शाम छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक आभार यात्रा निकाली और आतिशबाजी कर खुशियां मनायीं. छात्रों ने कहा कि परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर वे आंदोलनरत थे. छात्रों का कहना है कि सरकार कोर्ट में भी छात्रों का पक्ष और परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को मजबूती से रखे. यदि ऐसा नहीं किया गया, तो इसे छात्रों के साथ धोखा माना जाएगा.
छात्रों ने की पारदर्शी जांच और केस वापसी की मांग
जांच की प्रक्रिया न्यायिक और पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. छात्र आंदोलन से जुड़े कुणाल ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच को रजिस्टर्ड कराया जायेगा. यह मंच छात्रों की आवाज बनेगा. उन्होंने कहा कि भविष्य में राज्य में छात्रों से जुड़ा कोई भी महत्वपूर्ण मुद्दा सामने आने पर मंच उसकी आवाज मजबूती से उठायेगा. छात्रों ने सरकार से आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्जकिये गये सभी केस वापस लेने की मांग की है. छात्रों ने पीजीटी परीक्षा को भी रद्द करने की मांग की है. नगरपालिका परीक्षा पर भी छात्रों ने सवाल उठाये हैं.
यह भी पढ़ें : दिल्ली में अमित शाह से मिला झारखंड BJP का हाई लेवल डेलीगेशन, MMDR बिल समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
