SIR कार्यों की समीक्षा : इन्यूमरेशन फेज के सभी कार्य हर हाल में 29 जुलाई तक पूरा करें - सीइओ

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सूची के कार्यों की समीक्षा करते हुए 29 जुलाई तक इन्यूमरेशन फेज पूरा करने का निर्देश दिया है. 5 अगस्त से फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी.

Jharkhand Voter List Revision : झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीइओ) के रवि कुमार ने शनिवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ एसआइआर कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 29 जुलाई तक इन्यूमरेशन फेज के सभी कार्य हर हाल में पूरे कर लिये जायें.

5 अगस्त से फॉर्म-8 के जरिए होगा नामांतरण

उन्होंने कहा कि कुछ मतदाता झारखंड में निवास करते हैं, लेकिन किसी कारणवश उनका नाम बिहार या पश्चिम बंगाल जैसे अन्य राज्यों की मतदाता सूची में दर्ज है. ऐसे मतदाता यदि झारखंड की मतदाता सूची में अपना नाम स्थानांतरित कराना चाहते हैं, तो वे पांच अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति अवधि में फॉर्म-8 और घोषणापत्र भरकर अपना नाम झारखंड की मतदाता सूची में स्थानांतरित करा सकते हैं. उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम केवल एक ही विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में होना चाहिए, सीइओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 1950 टोल फ्री हेल्पलाइन और इसीआइनेट के बुक ए कॉल माध्यम से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा करें. साथ ही शिकायतकर्ता को कॉल बैक कर यह भी सुनिश्चित करें कि उसकी समस्या का समाधान हो गया है. उन्होंने मतदाताओं की सभी शंकाओं और शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन करने पर जोर दिया. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, कंप्यूटर ऑपरेटर और हेल्प डेस्क मैनेजर ऑनलाइन शामिल हुए.

बीएलओ के पास जल्द जमा करें मतदाता फॉर्म

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इन्यूमरेशन फेज के केवल चार दिन शेष हैं. अधिकांश पात्र मतदाता फॉर्म जमा कर चुके हैं, लेकिन कुछ मामलों में हस्ताक्षर नहीं होने या अन्य कारणों से प्रक्रिया लंबित है. उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म जल्द से जल्द अपने बीएलओ के पास जमा करें. जिससे उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जा सके. उन्होंने बताया कि प्रत्येक फॉर्म पर संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित है. जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सकता है.

सात विस क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फेज का काम पूरा

झारखंड में एसआइआर अभियान ने अंतिम चरण में रफ्तार पकड़ ली है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीइओ) के रविकुमार ने बताया कि कोडरमा, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर और कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्रों में इन्यूमरेशन फेज का कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो गया है. उन्होंने इन क्षेत्रों के मतदाताओं, बीएलओ, बीएलए, जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, इआरओ, एइआरओ और एसआइआर से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी. राज्य में अब तक 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,63,97,006 (99.75 प्रतिशत) को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा दिया गया है. वहीं, 2,43,35,247 (91.96 प्रतिशत) फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है. इनमें 2,13,04,623 मतदाताओं के भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म शामिल हैं, जिनका नाम पांच अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जायेगा. समीक्षा के दौरान बताया गया कि 30,30,624 इन्यूमरेशन फॉर्म अब तक वापस प्राप्त नहीं हुए हैं. इनमें 6,61,656 मृत मतदाता, 8,06,841 अनुपस्थित अथवा पता नहीं चलने वाले मतदाता, 12,20,570 स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता, 3,20,745 अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत मतदाता तथा 20,812 हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाता शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-पलामू के पांकी 11.97 करोड़ से होगा विकास, 18 उपस्वास्थ्य केंद्रों और दो पंचायत भवनों की रखी गई आधारशिला

ये भी पढ़ें-जेपीएससी परीक्षा घोटाला : अभय तिवारी चार महीने पहले साथी की ही किडनैपिंग के मामले में जा चुका है जेल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रिया गुप्ता

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >