गेतलसूद वाइन शॉप फायरिंग कांड का खुलासा : हथियार के साथ तीनों बदमाश गिरफ्तार

Ranchi: अनगड़ा थाना क्षेत्र के गेतलसूद के एक वाइन शॉप में फायरिंग करने वाले अपराधियों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है. कुल तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें मुख्य आरोपी देव सिंह मुंडा भी शामिल है.

जितेन्द्र कुमार
Ranchi (अनगड़ा): रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेतलसूद स्थित कंपोजिट शराब (वाइन शॉप) दुकान में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले अपराधियों को पुलिस ने धर दबोचा है. अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार के कुशल नेतृत्व और त्वरित कार्रवाई की बदौलत पुलिस ने मंगलवार की रात जोन्हा के पास से तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार भी जब्त किया गया है. थाना प्रभारी की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है.

जोन्हा से दबोचे गए अपराधी

3 मार्च की रात गेतलसूद शराब दुकान में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से ही थाना प्रभारी गौतम रजवार अपनी टीम के साथ पूरी तरह एक्शन मोड में थे. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन वैज्ञानिक अनुसंधान का सहारा लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को चिन्हित किया. थाना प्रभारी ने अपने सूचना तंत्र को सक्रिय किया और मंगलवार रात सटीक सूचना के आधार पर जोन्हा के पास घेराबंदी कर भागने की फिराक में लगे तीनों अपराधियों को दबोच लिया.

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मुख्य आरोपी देव सिंह मुंडा उर्फ देवा, गोल्डेन यादव और भोलू के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार भी बरामद कर लिए हैं.

शराब को लेकर हुआ था विवाद, पांच राउंड फायरिंग

3 मार्च की रात गेतलसूद वाइन शॉप में शराब को लेकर हुए विवाद के बाद इन अपराधियों ने दुकान पर ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग कर दी थी. घटना के समय दुकान पर ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे, जिससे वहां अचानक अफरा-तफरी मच गई थी. घटना के तुरंत बाद थाना प्रभारी गौतम रजवार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया था. फुटेज में तीनों अपराधी एक ही बाइक से आते, हथियार लहराते और फायरिंग करते साफ नजर आ रहे थे. इसी फुटेज और पुलिस की तत्परता से इस पूरे गोलीकांड का सफल पटाक्षेप हो गया.

चार थानों की पुलिस कर रही है सघन पूछताछ

पकड़े गए अपराधियों का आपराधिक इतिहास और नेटवर्क खंगालने के लिए पुलिस सघन जांच कर रही है. चूंकि मामला गंभीर है, इसलिए फिलहाल इन तीनों बदमाशों से टाटीसिल्वे, मैकलुस्किगंज, सिकिदिरी और अनगड़ा थाना की पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है. अंदेशा है कि इस पूछताछ में इलाके में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं और गिरोह के नेटवर्क का भी बड़ा खुलासा हो सकता है.

ये भी पढ़ें…

सीएम हेमंत सोरेन ने नेमरा में किया तालाब का निरीक्षण, बाहा पूजा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

गढ़वा में रगड़ दिए गए रंगीले हेडमास्टर, अश्लील गानों पर बच्चियों संग थिरक रहे थे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >