रांची. शिक्षक दिवस के अवसर पर गोस्सनर कॉलेज के मास कम्युनिकेशन विभाग की ओर से फिल्म निर्माण से जुड़े विषय पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्यूमेंटरी फिल्ममेकर बीजू टोप्पो उपस्थित थे. उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने फिल्मी सफर और फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किये.
बीजू टोप्पो ने कहा कि फिल्म बनाने के लिए फिल्मकार को संयम, मेहनत और संघर्ष से गुजरना पड़ता है. उन्होंने कहा कि झारखंड आज भी अन्य राज्यों की तुलना में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है, लेकिन राज्य में डॉक्यूमेंट्री और फिल्मों के निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों को झारखंड के गंभीर मुद्दों, संस्कृति और समाज से जुड़े विषयों पर फिल्म और डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान बीजू टोप्पो द्वारा निर्मित ‘टापू राजी’ और ‘गाड़ी लोहरदगा मेल’ जैसी फिल्मों का विद्यार्थियों ने प्रदर्शन देखा. इसके बाद उन्होंने फिल्मों के निर्माण के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों और अपने अनुभवों के बारे में भी जानकारी दी.
कार्यक्रम में प्रो संतोष कुमार सहित सेमेस्टर 1, 2, 3 और 5 के विद्यार्थी मौजूद रहे.
