रांची. साइबर अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ रहा है. इस बार जालसाजों ने एटीएस अधिकारी बनकर एक शख्स को धमकाया और डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर 3.40 लाख रुपये की ठगी कर ली. मामले में श्री हंस अपार्टमेंट, बसंत बिहार, हरमू निवासी अतुल कमार ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
वीडियो कॉल पर धमकी दी
पीड़ित के अनुसार उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया. फोन करनेवाले ने खुद को एटीएस अधिकारी बताया, उसने कहा कि दिल्ली बम ब्लास्ट के संदिग्ध डॉक्टर शाहीन केस के आतंकियों के पास से उनका मोबाइल नंबर मिला है. इसके बाद अपराधियों ने पीड़ित और उनकी पत्नी को व्हाट्सएप वीडियो कॉल किया और धमकी दी.
ये भी पढ़ें- JSSC ने एक ही प्रमाण पत्र पर लागू किए दो नियम, एक में नियुक्ति तो दूसरे में रोक दिया रिजल्ट
डिजिटल अरेस्ट की स्थिति में रखा
पीड़ित के अनुसार वीडियो कॉल पर कई लोग पुलिस की वर्दी में थे, जिससे दंपती घबरा गये. बताया जाता है कि जालसाजों ने कर्नाटक के हुबल के एक बैंक में फर्जी खाता खोल 2.55 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन और मनी लाउंड्रिंग का फर्जी आरोप भी लगाया. गिरफ्तारी और संपत्ति जब्ती का फर्जी वारंट दिखाया और घर पर ही डिजिटल अरेस्ट की स्थिति में रखा. इसके बाद कई जानकारी हासिल करने के बाद पैसे ट्रांसफर करा लिये. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
