सतीश कुमार
Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि झारखंड को भाजपा ने बनाया है और हम ही इसे संवारेंगे. हमारा लक्ष्य इस राज्य को अटल बिहारी वाजपेयी के सपनों का झारखंड बनाना है. हम इसकी समृद्ध विरासत और संस्कृति को अक्षुण्ण रखते हुए विकास के नए पायदान पर ले जायेंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में विकसित भारत @2047 विषय पर आयोजित प्रबुद्ध नागरिक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मां छिन्नमस्तिका और बाबा बैद्यनाथ धाम की इस पावन भूमि से उनका गहरा भावनात्मक रिश्ता है.
गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण मोदी सरकार की प्राथमिकता
प्रबुद्धजनों द्वारा किसानों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि देश की खुशहाली किसानों की खुशहाली में निहित है. सरकार उनकी आय दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध है और हर जिले में ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) दी जा रही है. उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है. भुखमरी मिटाने के लिए 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है.
60 करोड़ परिवारों का आयुष्मान योजना का लाभ
इलाज के अभाव में किसी गरीब को जमीन या जेवर गिरवी न रखना पड़े, इसके लिए 60 करोड़ परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है. जनधन योजना के तहत 54 करोड़ खाते खोले गये, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई और डीबीटी के माध्यम से पूरा पैसा सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है. इसके अलावा 12 करोड़ शौचालय, चार करोड़ आवास और 10 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन देकर महिलाओं का स्वाभिमान बढ़ाया गया है. उन्होंने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के संकल्प को भी दोहराया.
नवाचार का हब बना भारत, विपक्ष पर साधा निशाना
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत दो लाख से अधिक स्टार्टअप्स और 125 से ज्यादा यूनिकॉर्न के साथ दुनिया का सबसे बड़ा युवा आबादी वाला देश है. भारत मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में विश्व में दूसरे स्थान पर है और एआई की बड़ी कंपनियां भारत को हब बनाना चाहती हैं. डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाने वाले विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब-जब विपक्ष हमारा मजाक उड़ाता है, जनता हमें और अधिक आशीर्वाद देती है. उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हो सकता. अगर कोई हम पर एक ईंट फेंकता है, तो हम उसका जवाब पत्थर से देते हैं.
राम मंदिर और काशी कॉरिडोर को बताया उपलब्धि
उन्होंने कहा कि सरकार ने देश को सांस्कृतिक रूप से भी मजबूत किया है, जिसका प्रतीक राम मंदिर और काशी कॉरिडोर हैं. नितिन नबीन ने युवाओं को नकारात्मक राजनीति से दूर रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि भारत का युवा दिल्ली या विदेश में बैठे कुछ लोगों की मुट्ठी की कठपुतली नहीं बनेगा, बल्कि वह सकारात्मक राजनीति और इनोवेशन के जरिए देश का निर्माण करेगा. 2047 तक विकसित भारत का सपना समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ही पूरा होगा.
इससे पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि 2014 के बाद देश में व्यापक बदलाव आया है और अंत्योदय के मंत्र के साथ हर गरीब व वंचित तक केंद्रीय योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है. कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे. मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व पत्रकार चंदन मिश्रा ने किया.
ये भी पढ़ें…
गुमला के इस गांव में न चलने को सड़क और न पीने को पानी, इलाज भगवान भरोसे
