रांची : ग्राम विकास समिति पर सीएम ने कहा, अधिकार कम नहीं किये गये हैं, काम करें मुखिया

Updated at : 24 Jul 2018 7:01 AM (IST)
विज्ञापन
रांची : ग्राम विकास समिति पर सीएम ने कहा, अधिकार कम नहीं किये गये हैं, काम करें मुखिया

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य में ग्राम विकास समिति बना कर मुखिया के अधिकार कम नहीं किये गये हैं. जनता ने गांव के विकास के लिए मुखिया को चुना है. पर मुखिया अपने ही विकास में लगे गये हैं. उन्हें काम करना होगा. गांव के विकास की बात समझना होगा. […]

विज्ञापन

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि राज्य में ग्राम विकास समिति बना कर मुखिया के अधिकार कम नहीं किये गये हैं. जनता ने गांव के विकास के लिए मुखिया को चुना है. पर मुखिया अपने ही विकास में लगे गये हैं. उन्हें काम करना होगा. गांव के विकास की बात समझना होगा. अगर मुखिया काम नहीं करेंगे, तो भी सरकार विकास कार्य बाधित नहीं होने देगी.

मुख्यमंत्री सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में गोबरधन योजना पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा : स्वयं सहायता समूह के माध्यम से गांव-गांव में गोबर गैस प्लांट लगाये जायेंगे. अपना गांव-अपना काम समझ कर हर किसी को इसमें सहयोग देना होगा. जनभागीदारी से ही तेज गति से विकास संभव है. एक गांव का विकास होगा, तो दूसरे गांव वाले प्रेरित होंगे.

बायो गैस का उत्पादन करें ग्रामीण : मुख्यमंत्री ने कहा : गोबर, कचरा और कृषि कार्य से उत्पन्न बेकार पदार्थों का उपयोग कर बायो गैस का उत्पादन किया जा सकता है. इससे हरित ऊर्जा मिलेगी.

गांव भी स्वच्छ रहेंगे. ग्रामीण आत्मनिर्भर और सशक्त बनेंगे. उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को गांवों में उपलब्ध गाय समेत अन्य मवेशियों की सूची बनाने के निर्देश दिये.

कहा : स्वयं सहायता समूहों को गांव के बाहर गोबर गैस प्लांट लगाने के लिए प्रेरित करें. इससे ऑर्गेनिक खाद भी मिलेगी. गोबर देनेवाले किसानों को ऑर्गेनिक खाद दी जा सकती है. अतिरिक्त खाद बेच कर समूह राशि अर्जित भी कर सकेंगे. गोबर गैस प्लांट लगाने के लिए केंद्र ग्राम पंचायत को 100 प्रतिशत व स्वयं सहायता समूहों को 70 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है.

मुखिया, स्वयं सहायता समूह और लाभुक समिति मिल कर इसे जन आंदोलन बनायें. राज्य सरकार हर संभव सहायता करेगी. मुख्यमंत्री ने कहा : 2014 में राज्य का केवल 18 प्रतिशत हिस्सा ही खुले में शौच से मुक्त था. लेकिन, पिछले चार वर्षों में 85 प्रतिशत हिस्सा ओडीएफ हो गया है. बापू के जन्मदिन दो अक्तूबर 2018 तक 100 फीसदी स्वच्छ झारखंड बनाना है. इसके लिए पूरे समर्पण के साथ काम करना होगा.

ये भी थे मौजूद : कार्यक्रम में मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, सचिव आराधना पटनायक, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल, स्वच्छ भारत मिशन के निदेशक राजेश कुमार विभिन्न जिलों के डीडीसी, कार्यपालक अभियंताओं, मुखिया, महिला स्वयं सहायता समूह, जिला समन्वयक जिला स्वच्छ भारत प्रेरक व डेयरी फार्म के संचालक.

योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर मिलेगा तेज परिणाम : चंद्रप्रकाश

पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा : झारखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में काफी अच्छी प्रगति की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इससे प्रभावित हैं. प्रधानमंत्री ने मन की बात में झारखंड की तारीफ की है. उन्होंने कहा : योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर तेजी से परिणाम मिलेगा. कहा कि स्वच्छता के मामले में झारखंड को देश में अव्वल स्थान पर लाना है. मौके पर ओडीएफ बनाये रखने के लिए एक्शन प्लान पुस्तिका का अनावरण किया गया.

स्वच्छ भारत मिशन : पलामू, गुमला व गोड्डा सबसे पीछे, चतरा, लातेहार और सरायकेला आगे

मुख्यमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन में सबसे खराब प्रदर्शन करनेवाले जिले गोड्डा, पलामू और गुमला के उप विकास आयुक्तों को कार्य में ध्यान देने की जरूरत बतायी. कहा : मिशन के तहत किये जा रहे कार्यों में तीनों जिले विशेष तेजी लायें. चतरा, लातेहार व सरायकेला में सबसे बढ़िया काम किया गया. तेजी से जिले को ओडीएफ बनाने के लिए योजनाएं लागू की गयी हैं. तीनों जिलों के डीडीसी को सम्मानित किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola