रांची यूनिवर्सिटी का 39वां दीक्षांत समारोह आज, 58 विद्यार्थियों को मिलेंगे 71 गोल्ड मेडल

रांची विश्वविद्यालय अपना 39वां दीक्षांत समारोह आज मोरहाबादी में आयोजित कर रहा है. इस प्रतिष्ठित समारोह में कुल 6923 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी, जिसमें 58 छात्र-छात्राएं 71 गोल्ड मेडल हासिल करेंगे. समारोह में राज्यपाल सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे.

RU Convocation Ceremony: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह बुधवार को मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में आयोजित होगा. समारोह में स्नातकोत्तर, पीएचडी, डी-लिट, डीएससी, एमडी, एमएस और एलएलएम समेत 15 विषयों के कुल 6923 विद्यार्थियों की डिग्री पर मुहर लगेगी. इनमें 3353 विद्यार्थियों को समारोह में डिग्री दी जाएगी. इस समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मानद उपाधि पाने वाले दोनों व्यक्ति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

44 छात्राएं और 14 छात्र होंगे सम्मानित

इस बार 58 विद्यार्थियों के बीच कुल 71 गोल्ड मेडल का वितरण होगा. इनमें 44 छात्राएं और 14 छात्र शामिल हैं. कुल 71 गोल्ड मेडल में 13 स्पांसर गोल्ड मेडल भी हैं. मेडल पाने वाले विद्यार्थियों को समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- JTET 2026: सीसीटीवी वाले स्कूल-कॉलेजों में ही बनेंगे परीक्षा केंद्र, 4.40 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

दो लोगों को मिलेगी डी-लिट की मानद उपाधि

दीक्षांत समारोह में दो लोगों को डी-लिट की मानद उपाधि दी जाएगी. इनमें नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एंड एडमिनिस्ट्रेशन, नई दिल्ली की कुलपति प्रो शशिकला बंजारी और लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तथा वर्तमान में आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रो आलोक राय शामिल हैं. विश्वविद्यालय के सिंडिकेट ने मंगलवार को 6023 डिग्री, गोल्ड मेडल और दोनों मानद उपाधियों को मंजूरी दे दी.

खर्च में की गई कटौती

कुलपति प्रो सरोज राय और परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्यपाल के निर्देश पर इस बार दीक्षांत समारोह के खर्च में कटौती की गई है. हालांकि, छात्र हित और कार्यक्रम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि समारोह में रांची विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट विभाग की ओर से विश्वविद्यालय के 66 वर्ष के इतिहास पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी. इसके जरिए विश्वविद्यालय के अब तक के सफर को दिखाया जाएगा.

ये भी पढ़ें- झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, रांची समेत 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

सुबह 8.30 बजे पहुंचना होगा

वहीं, परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय कुमार सिंह ने बताया कि समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सुबह साढ़े आठ बजे तक दीक्षांत मंडप पहुंचना होगा. छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड तय किया गया है.

दीक्षांत के दिन भी खुले रहेंगे पीजी विभाग

दीक्षांत समारोह के दिन रांची विश्वविद्यालय के सभी पीजी विभाग खुले रहेंगे. विभागों में नियमित रूप से पठन-पाठन का काम जारी रहेगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजिस्ट्रार डॉ राजकुमार शर्मा, डीएसडब्ल्यू डॉ सुदेश कुमार साहू, नवीन चंचल, वीरेंद्र वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार सिंह, वर्तमान में प्रभात खबर, रांची में विशेष संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. वह 14 वर्षों (2005 से 2019) तक प्रभात खबर रांची में मुख्य संवाददाता रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 29 वर्षों का अनुभव है. लंबे पत्रकारिता जीवन में खोजी, विश्लेषणात्मक और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर अनेक महत्वपूर्ण रिपोर्टें प्रकाशित की हैं. प्रभात खबर द्वारा बेस्ट रिपोर्टर का अवार्ड भी दिया गया. इनकी विशेष पहचान झारखंड के उच्च शिक्षा तंत्र, विश्वविद्यालयों, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी नियुक्तियों व प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गहन और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए रही है. झारखंड लोक सेवा आयोग के गठन के बाद सिविल सेवा, व्याख्याता, इंजीनियर, जैसी नियुक्तियों में गड़बड़ी को उजागर किया.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >