रामगढ़: रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग के चुटूपालू घाटी में बुधवार देर रात रांची से रामगढ़ आने के क्रम में एक ट्रक डीएल 1 एमए 3620 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रक के उपचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा.
वहीं, मृत उपचालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी 22 वर्षीय आकाश श्रीवास्तव के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. उनके रामगढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.
पांच जुलाई को भी हुआ था सड़क हादसा
रांची फोरलेन पर होटल सैनी के समीप बुधवार को एक आईसर वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया था. हादसे में चालक को हल्की चोट आई थी. सूचना मिलने पर क्रेन की मदद से वाहन को हटाकर सड़क पर लाया गया. घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी गई थी.
