रामगढ़ से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
Ramgarh Fire: रामगढ़ शहर के लोहार टोला स्थित प्राचीन काली मंदिर के समीप सोमवार की देर रात अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और हालात को देखकर दहशत में आ गए.
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. समय रहते नियंत्रण कर लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में लगा बिजली ट्रांसफार्मर भी इसकी चपेट में आ गया और उसमें आग लग गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि ट्रांसफार्मर फटा नहीं. यदि विस्फोट हो जाता, तो आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था.
तीन दुकानें जलकर राख, भारी नुकसान
अगलगी की इस घटना में तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है. कई सामान जलकर खाक हो गए, जिससे व्यवसायियों के सामने संकट खड़ा हो गया है.
इसे भी पढ़ें: होली में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं, सरायकेला में पुलिस ने वसूला जुर्माना
आग के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल, आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है. प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं. प्रारंभिक अनुमान शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की ओर इशारा कर रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा उपाय मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके.
इसे भी पढ़ें: सड़क हादसे में पत्रकार की मौत, गोला में शोक की लहर
