केदला से वकील चौहान की रिपोर्ट
केदला, रामगढ़: रामगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्र अंतर्गत जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र के तिलैया रेलवे ओवरब्रिज के समीप रविवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक मारुति कार सहित उसमें रखी 30 बोतल विदेशी शराब जब्त की. पुलिस को देखते ही कार सवार दो लोग वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गये.
थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि तिलैया गांव होते हुए रेलवे ओवरब्रिज से सिल्वर रंग की अल्टो मारुति सुजुकी (जेएच 10 एस 5378) में दो लोग अवैध नकली शराब लेकर जा रहे हैं. पुलिस जब तिलैया स्थित अशोक महतो की चाय दुकान के पास पहुंची, तो विपरीत दिशा से आ रही कार पर सवार दोनों लोग वाहन रोककर जंगल की ओर भाग गये.
पुलिस ने कार की जांच की, तो उसमें विदेशी शराब मिली. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. छापेमारी दल में पुअनि सुरेश पाहन, सअनि राकेश बंडो, परवेज आलम सहित जैप के जवान शामिल थे.
