कुजू से धनेश्वर/ प्रदीप की रिपोर्ट
कुजू. जगदेव महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए झूमर नृत्य का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न ग्रुप की करीब आधा दर्जन युवतियों ने पारंपरिक झूमर नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया. पारंपरिक परिधान में सजी युवतियों के नृत्य और भाव-भंगिमाओं ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया.
देर तक प्रस्तुति देखते रहे दर्शक
झूमर नृत्य की प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक देर तक जमे रहे. महिलाओं की निर्णायक टीम ने कलाकारों की प्रस्तुति का आकलन किया और बेहतर प्रदर्शन करने वाले ग्रुप का चयन किया. चयनित ग्रुप को आयोजन समिति की ओर से सम्मानित किया गया.
इधर, ढोल-नगाड़े के साथ पहुंचे विभिन्न टीमों के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. फुटबॉल के रोमांच के साथ पारंपरिक झूमर नृत्य और लोक-संगीत ने टूर्नामेंट के समापन समारोह को यादगार बना दिया.
