रजरप्पा: रजरप्पा प्रोजेक्ट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में गुरुवार को संस्कृति ज्ञान महा अभियान पखवाड़ा का आयोजन किया गया. मुख्य रूप से शामिल विद्यालय के सचिव चंद्रशेखर चौधरी, प्राचार्य उमेश प्रसाद एवं रांची विभाग के संस्कृति बोध के सह संयोजक मिथिलेश कुमार खन्ना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर इसका उद्घाटन किया. सचिव चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल परंपराओं और रीति-रिवाजों का संग्रह नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली समृद्ध जीवन-पद्धति है. इसमें परिवार, समाज, प्रकृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध के साथ सेवा, त्याग, समरसता एवं सर्वकल्याण की भावना निहित है.
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है. प्राचार्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति की विशेषता उसकी व्यापकता, समन्वय और सर्वकल्याण की भावना है. वेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत, पुराण एवं रामचरितमानस हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के महत्वपूर्ण आधार हैं. उन्होंने आचार्यों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की.
मिथिलेश कुमार खन्ना ने बताया कि 13 से 28 अगस्त तक चलने वाले पखवाड़े के दौरान संपर्क टोली समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाएगी. कार्यक्रम का संचालन आचार्या गायत्री कुमारी ने किया.
इसे सफल बनाने में आचार्य इंद्रजीत सिंह, दिलीप सिंह, भुनेश्वर कुमार, रोहित राज, डॉ गायत्री कुमारी, उषा कुमारी, बच्चूलाल तिवारी एवं शशिकांत सहित विद्यालय के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
