गोला. गोला प्रखंड क्षेत्र में दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. भारी बारिश के कारण बेटुलकला पंचायत के पतरातू गांव में कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान ध्वस्त हो गये. मकान गिरने से रेवती देवी, संगीता देवी और फलींद्र महतो के परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गये हैं.
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है. मकान गिरने की सूचना मिलने पर विधायक ममता देवी ने विधायक प्रतिनिधि सह पंचायत के मुखिया जाकिर अख्तर को गांव भेजकर प्रभावित परिवारों से जानकारी ली और बारिश से हुए नुकसान का जायजा कराया. पीड़ितों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों की दीवारें कमजोर हो गयी थीं, जिसके बाद अचानक मकान धराशायी हो गये.
वहीं, संग्रामपुर पंचायत के मुरुडीह गांव में भी बारिश ने कई परिवारों की परेशानी बढ़ा दी है. यहां अजीत महतो, भरत साव, मुखलाल महतो और सरिता देवी के कच्चे मकान गिर गये. पंचायत मुखिया सीताराम मुंडा ने प्रभावित परिवारों के घर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि संग्रामपुर गांव में कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है. लगातार बारिश के कारण मुरुडीह-पतरातू मार्ग भी बाधित हो गया है. जाकिर अख्तर ने कहा कि मार्ग की स्थिति की जानकारी उपायुक्त को देकर जल्द दुरुस्त कराने की मांग की जायेगी.
