गोला: गोला प्रखंड के खोखा गांव में मंगलवार की रात करीब 22 हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने गांव में घुसकर कई किसानों की फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया. जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. हाथियों के अचानक गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा. जानकारी के अनुसार हाथियों ने मिथुन कुमार के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया.
इसके अलावा धर्मनाथ महतो, अरुण महतो सहित कई किसानों की खेतों में लगी फसल को हाथियों ने रौंदकर नष्ट कर दिया. ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड के गांव में पहुंचते ही लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गये. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास किया.
लगातार हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में भय व्याप्त है. किसानों का कहना है कि हाथियों द्वारा बार-बार फसल एवं घरों को नुकसान पहुंचाये जाने से उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को गांवों से दूर रखने के लिए ठोस उपाय करने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाये गये तो आने वाले दिनों में नुकसान और बढ़ सकता है.
