भागीरथ महतो की रिपोर्ट
रामगढ़ः रामगढ़ की डॉ. आंचल कुमारी ने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा में कंप्यूटर साइंस विषय में सफलता हासिल की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र के लोगों में खुशी है. डॉ. आंचल कुमारी वर्तमान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने स्नातक और एमसीए की पढ़ाई भी इसी संस्थान से की है. पढ़ाई के दौरान वह विश्वविद्यालय की टॉपर रहीं और तत्कालीन राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुकी हैं.
माता-पिता के संघर्ष ने दिखाई राह
डॉ. आंचल की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का बड़ा योगदान है. पतरातु सांकूल पंचायत निवासी उनके पिता विनोद साहू और माता बसंती देवी ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद सब्जी बेचकर बच्चों की पढ़ाई जारी रखी. माता-पिता के संघर्ष और त्याग ने आंचल को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उनके पति, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पढ़ाई और करियर में उनका लगातार साथ दिया. उनकी बेटी अन्वी ने भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया.
ये भी पढ़ें- छड़ीदार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का Video वायरल, बड़कागांव मुखिया और पुत्र पर लगा मारपीट का आरोप
27 साल की उम्र में पूरी की पीएचडी
डॉ. आंचल ने इससे पहले भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं. एमसीए सत्र 2018-21 में वह टॉपर रहीं और उन्हें स्वर्ण पदक मिला. इसके अलावा उन्होंने महज 27 वर्ष की उम्र में कंप्यूटर साइंस विषय में पीएचडी पूरी की. उन्होंने यह शोध डॉ. संजय कुमार और डॉ. राजेंद्र कुमार महतो के मार्गदर्शन में पूरा किया.
शिक्षकों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
यूजीसी-नेट में सफलता मिलने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शुभचिंतकों ने डॉ. आंचल कुमारी को बधाई दी है. डॉ. आईएन साहू, डॉ. राजेंद्र कुमार महतो, डॉ. राहुल देव साह, उदय साहू, रेखा देवी, अनुज कुमार, डॉ. शैली, शैलेश कुमार और अभिषेक कुमार समेत कई लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
ये भी पढ़ें- टूटे मकानों की मरम्मत के लिए सरकार ने खोला खजाना, धनबाद-बोकारो को 30-30 लाख रुपए जारी
