मेदिनीनगर (पलामू): शहर थाना क्षेत्र निवासी विनीत तिवारी का 26 अप्रैल 2026 को अपहरण कर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में सोमवार सुबह एक अन्य आरोपी रोशन तिवारी ने अपने परिजनों के साथ शहर थाना में सरेंडर कर दिया. आरोपी सदर थाना क्षेत्र के बड़कागांव का रहने वाला है.
सोमवार सुबह रोशन तिवारी शहर थाना पहुंचा और ओडी में मौजूद अधिकारी से कहा कि उसका नाम रोशन तिवारी है और विनीत तिवारी हत्याकांड में उसका नाम सामने आया है. वह मामले में सरेंडर करने आया है. मामले की आधिकारिक पुष्टि के लिए पुलिस अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो प्रभात खबर के पास है.
ये भी पढ़ें- झारखंड विधानसभा मॉनसून सत्र का तीसरा दिन आज, सदन में हंगामे के आसार
झांसी से गिरफ्तार हुआ था प्रशांत तिवारी
इसी मामले में पुलिस ने 23 जुलाई को 26 वर्षीय प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया था. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रशांत झांसी में किराये के मकान में रह रहा है. इसके बाद पुलिस ने एक टीम गठित कर झांसी भेजी थी. टीम कई दिनों से आरोपी पर नजर रख रही थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर डाल्टनगंज लाया गया था.
पुलिस के अनुसार, प्रशांत झांसी में तीन हजार रुपये मासिक किराये पर एक मकान में रह रहा था. मकान उसने एक रिश्तेदार के माध्यम से लिया था. पूछताछ में प्रशांत ने पुलिस को बताया था कि विनीत तिवारी की हत्या शराब के नशे में की गई थी. हत्या के बाद वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह घर से फरार हो गया. दो दिनों तक जंगल में रहने के बाद वह उत्तर प्रदेश के झांसी चला गया था.
गमछे से गला दबाकर हत्या का आरोप
पूछताछ में प्रशांत तिवारी ने पुलिस को बताया था कि विनीत तिवारी की गमछे से गला दबाकर हत्या की गई थी. पुलिस को पूछताछ के दौरान मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली थीं. इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी और विनीत तिवारी दोनों जमीन का कारोबार करते थे. इसी कारोबार को लेकर दोनों के बीच कुछ अंदरूनी विवाद था. पुलिस का मानना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपी प्रदीप तिवारी और राकेश तिवारी को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- रामगढ़ में कुजू के श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट के फर्नेस में धमाका, नौ घायल, 2 की हालत गंभीर
