मेदिनीनगर. अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज की ओर से संत श्री गणिनाथ गोविंद जी की जयंती सह 42वां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया गया. पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार की सुबह पूजा-अर्चना से हुई.
पूजा अनुष्ठान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन
आचार्य महेंद्र प्रसाद आर्य ने विधि-विधान से पूजा संपन्न करायी. यजमान के रूप में मनोहर कुमार लाली और उनकी धर्मपत्नी पूजा में शामिल हुए. पूजा अनुष्ठान के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन हुआ और प्रसाद का वितरण किया गया. मध्यदेशीय वैश्य सभा के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने समाज का झंडोत्तोलन किया. इसके बाद बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई. महिलाओं के लिए कुर्सी रेस और मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी.
शिक्षा विकास के लिए महत्वपूर्ण साधन
मुख्य अतिथि पलामू जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया. उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा पर जोर दिया. कहा कि शिक्षा विकास का रास्ता प्रशस्त करने का महत्वपूर्ण साधन है. समाज के लोगों को शिक्षा के महत्व को समझते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास करना चाहिए.
सामाजिक कुरीतियों का त्याग
विशिष्ट अतिथि अवर निरीक्षक रामाकांत गुप्ता ने सामाजिक कुरीतियों का त्याग कर बेहतर समाज बनाने की बात कही. वैश्य सभा के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता विनय कुमार बिनु ने समाज के लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया. हलवाई समाज के जिलाध्यक्ष प्रभात गुप्ता उर्फ पिंटू ने हक-अधिकार के लिए जागरूक और एकजुट होने की जरूरत बतायी.
सामाजिक जागरूकता और एकजुटता जरूरी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोहर कुमार लाली ने हलवाई समाज की दशा और दिशा पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक स्थिति ठीक नहीं है. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं. ऐसी स्थिति में सामाजिक जागरूकता और एकजुटता जरूरी है.
ये भी पढ़ें: पलामू के हरिहरगंज में सड़क नहीं गड्ढों का जाल - 18 KM का सफर बना आफत; ग्रामीण बोले, अब होगा आंदोलन
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजन समिति ने अतिथियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों को शॉल, मोमेंटो और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया. रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने गीत और नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया. सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम का संचालन अमर कुमार ने किया.
बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल
महोत्सव को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष रंजन कुमार, महामंत्री विजय प्रसाद, कोषाध्यक्ष दीपक प्रसाद, राजेश्वर प्रसाद, अमलेश प्रसाद, भीम प्रसाद, भोला प्रसाद, सूरज कुमार, शशिकांत गुप्ता उर्फ गुड्डू, महेंद्र प्रसाद, शिवप्रकाश गुप्ता, सुनील कुमार, अनिल गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, विकास, सुनील गुप्ता, राजेश प्रसाद, माया गुप्ता, पूनम, रेणु सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल रहे.
