विनय कुमार सिंह की रिपोर्ट
पड़वा (पलामू). पड़वा निवासी मैथिली शरण महतो करीब दो माह पहले कमाने के लिए रांची गया था. गुरुवार को उसका शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया. मैथिली की मौत रांची में पानी की टंकी गिरने से उसके मलबे में दबने के कारण हो गयी.
बेटे का हुआ था किडनी ट्रांसप्लांट
परिजनों के अनुसार मैथिली का बेटा पिछले कई वर्षों से बीमार है. उसका किडनी ट्रांसप्लांट कराया गया था और उसकी मां ने उसे अपनी एक किडनी दी थी. रांची जाने से पहले मैथिली अपनी पत्नी से बेटे और खुद की देखभाल करने की बात कहकर घर से निकला था.
पेटी कांट्रेक्ट लेकर काम करवाता था
ग्रामीणों ने बताया कि मैथिली काफी मेहनती था. रांची में वह पेटी कांट्रेक्ट लेकर काम करवाता था और मजदूरों के साथ खुद भी काम करता था. इसी दौरान अचानक पानी की टंकी भरभरा कर गिर गयी. टंकी के मलबे में दबने से उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन रांची पहुंचे और शव को लेकर गांव आए. गुरुवार को शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. ग्रामीणों ने कहा कि परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चिंता मैथिली के बीमार बेटे के इलाज की है. उन्होंने सवाल किया कि अब उसके बेटे का इलाज कैसे होगा.
ये भी पढ़ें: हरिहरगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग का बाजार में छापा, 50 किलो रंग लगी मिठाई नष्ट, तंबाकू बेचने वालों पर जुर्माना
बेटी की शादी के लिए देख रहा था लड़का
ग्रामीणों के अनुसार मैथिली पिछले साल से अपनी बेटी की शादी के लिए लड़का भी देख रहा था. परिवार के भविष्य को लेकर कई सपने संजोए मैथिली की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है. गुरुवार को सदाबह नदी के तट पर मैथिली शरण महतो का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे.
