Palamu Road Accident 2026, पलामू (रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट): पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत सगुना-बैरिया मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो नाबालिगों की जान चली गई. गहरपथरा मोड़ के पास मेदिनीनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही लूना को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयावह थी कि लूना के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान पाटन के शोले गांव निवासी 12 वर्षीय इफ्रोज अंसारी और 17 वर्षीय तौहीद अंसारी के रूप में हुई है. इनके साथ मौजूद 13 वर्षीय इब्राज अंसारी गंभीर रूप से घायल है. जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे पाटन से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी लापरवाही से आ रही स्कॉर्पियो उनके लिए काल बन गई.
Also Read: गढ़वा में बवाल: मुआवजे पर भिड़ी भीड़ और पुलिस, लाठीचार्ज और 10 राउंड हवाई फायरिंग
इलाज के दौरान दो को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी शशिशेखर पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत एंबुलेंस के जरिए मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच (MMCH) पहुंचाया. अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने इफ्रोज और तौहीद को मृत घोषित कर दिया. घायल इब्राज का इलाज जारी है, जिसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
स्कॉर्पियो जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया स्कॉर्पियो चालक की लापरवाही और अत्यधिक रफ्तार हादसे की मुख्य वजह नजर आ रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद शोले गांव के लोग सदमे में हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: JET परीक्षा से पहले कानूनी पेंच: लाइब्रेरी और फिजिकल एजुकेशन शामिल करने की मांग, 18 को अगली सुनवाई
