मेदिनीनगर. पलामू जिले के खिलाड़ियों ने बोकारो के चंदनकियारी स्थित स्पोर्ट्स परिसर में आयोजित तृतीय झारखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक समेत कुल छह पदक अपने नाम किये. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है.
खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना
शनिवार को पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने अपने कार्यालय कक्ष में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया. उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं. शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने वाली सुहानी सिंह और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल करने वाली शिवानी कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया.
खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन पूरे जिले के लिए गर्व की बात है. खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और लगातार मेहनत करने की भावना विकसित होती है.
ये भी पढ़ें: पुलिस वाले के घर में ही चोरी! इंस्पेक्टर के पैतृक आवास से लाखों के जेवरात और नकदी ले उड़े चोर
बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे इस उपलब्धि को अंतिम मंजिल न मानें, बल्कि आगे बढ़ने की शुरुआत समझें. बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें, नियमित अभ्यास करें और अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का लगातार प्रयास करें.
ये भी पढ़ें: PM मोदी के 25 वर्ष सेवा के उपलक्ष्य में भाजपा का सेवा पखवाड़ा: पलामू MP बीडी राम बोले- मनेगा दीपोत्सव
प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं
उपायुक्त ने कहा कि पलामू में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है कि प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर मार्गदर्शन और लगातार प्रोत्साहन मिले. उन्होंने खिलाड़ियों से अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार करने और जिले के अन्य युवाओं को भी खेल के प्रति प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने भरोसा जताया कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर पलामू के खिलाड़ी आने वाले दिनों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे.
