राष्ट्रीय लोक अदालत: बिखरे परिवार में लौटी मुस्कान, गिले-शिकवे दूर कर दंपती ने बच्चे के साथ रहने का लिया संकल्प

National Lok Adalat 2025: पलामू में आपसी मनमुटाव के कारण पति-पत्नी एक दूसरे से अलग रह रहे थे. इन दोनों का एक पुत्र है. पति ने पत्नी को विदा कराने को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया. कुटुंब न्यायालय ने इन्हें एक करने में अपनी अहम भूमिका निभाई. राष्ट्रीय लोक अदालत के मौके पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास के प्रयास से आज दोनों एक हो गए और अपने बच्चे के साथ हंसी-खुशी घर गए.

By Guru Swarup Mishra | September 13, 2025 7:16 PM

National Lok Adalat 2025: मेदिनीनगर (पलामू)-झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर में आज शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गयी. इसमें एक बिखरे परिवार के चेहरे पर मुस्कान बिखर गयी. सारे गिले-शिकवे दूर कर दंपती राजी-खुशी अपने बच्चे के साथ घर के लिए रवाना हुआ. आपसी मनमुटाव की वजह से दंपती के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था. कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास के प्रयास से पति-पत्नी के बीच सुलह करायी गयी. अब दोनों ने साथ रहने का संकल्प लिया.

सुलह कराने के लिए लगायी गुहार


पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के कनकारी के रहनेवाले कन्हाई ठाकुर ने अपनी पत्नी रेखा देवी को मायके से विदा कराने को लेकर सेक्शन-9 के तहत कुटुंब न्यायालय (पलामू) में मुकदमा किया था. कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के प्रयास से दोनों पक्षों के बीच राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह करायी गयी. पति-पत्नी ने एक दूसरे को माला पहनाकर स्वागत किया और साथ रहने का संकल्प लिया. इसके बाद अपने बच्चे के साथ दोनों घर गए.

ये भी पढ़ें: रांची में धूमधाम से मनेगा पीएम नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया क्या होगा खास?

पति से अलग रह रही थी पत्नी


कन्हाई ठाकुर की शादी पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र के डाली गांव की रहनेवाली रेखा देवी के साथ 12 जून 2023 को हुई थी. दोनों का एक लड़का है. आपसी मनमुटाव होने पर 20 जून 2025 से पत्नी, पति से अलग रह रही थी. इसके बाद पति ने अदालत का दरवाजा खटखटाया. पति कन्हाई ठाकुर ने अपनी पत्नी को विदा कराने को लेकर कुटुंब न्यायालय में गुहार लगायी. सारे गिले-शिकवे दूर कर अब दोनों एक हो गए हैं.

ये भी पढ़ें: रिम्स शासी परिषद की बैठक: प्राइवेट प्रैक्टिस पर होगी सख्त कार्रवाई, रिम्स को बनाएंगे बेहतरीन संस्थान, बोले मंत्री डॉ इरफान अंसारी