मेदिनीनगर. डालटनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया ने सत्र के दौरान क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी समस्या को सदन में उठाया. उन्होंने कहा कि डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था व ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है, लेकिन समुचित विकास नहीं होने के कारण यहां पर्यटन का अपेक्षित विकास नही हो रहा है. विधायक श्री चौरसिया ने कहा कि क्षेत्र के राधा-कृष्ण मंदिर, नाग बाबा मंदिर, पहाड़ी बाबा मंदिर, भैसाखुर मंदिर, शाहपुर किला, मलय डैम तथा रानीताल डैम जैसे कई महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल हैं. ये स्थान श्रद्धालुओं के आस्था केंद्र होने के साथ प्राकृतिक सुंदरता से भी परिपूर्ण हैं. लेकिन इन जगहों पर आधारभूत सुविधाओं की कमी के कारण पर्यटकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि यदि इन स्थलों का योजनाबद्ध तरीके से सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाये, तो यह क्षेत्र राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है. इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी. विधायक ने सरकार से मांग की कि इन सभी प्रमुख स्थलों को विशेष पर्यटन योजना के तहत शामिल कर शीघ्र विकास कार्य शुरू कराया जाये, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सके.
पर्यटन स्थलों के विकास की समस्या विधायक ने सदन में उठाया
पर्यटन स्थलों के विकास की समस्या विधायक ने सदन में उठाया
