अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हिरणपुर के तोड़ाई में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई. परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

हिरणपुर (पाकुड़): हिरणपुर थाना क्षेत्र के तोड़ाई में भाजपा कार्यालय के समीप शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी. अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पहले सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया. स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों की सलाह पर उसे जंगीपुर स्थित बासुमति अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

इलाज के दौरान डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

मृतक की पहचान तोड़ाई निवासी अनूप कुमार मंडल (21 वर्ष), पिता मिलन मंडल के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, अनूप कुमार मंडल बाइक से पाकुड़ से अपने घर तोड़ाई लौट रहा था. इसी दौरान तोड़ाई भाजपा कार्यालय के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनूप को तत्काल सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जंगीपुर स्थित बासुमति अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

ये भी पढ़ें- स्कूल से तड़ित चालक चोरी कर रहे थे 3 चोर, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

तोड़ाई वापस लौटने के क्रम हुआ हादसा

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने रात करीब 12 बजे से सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा. ग्रामीणों ने अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की. स्थानीय लोगों के अनुसार, अनूप कुमार मंडल एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत था. वह अपने निजी काम से पाकुड़ गया था और काम पूरा करने के बाद बाइक से वापस तोड़ाई लौट रहा था. इसी दौरान यह हादसा हो गया. बताया जाता है कि तोड़ाई में वाहनों के लिए लागू नो-एंट्री रात करीब आठ बजे खोल दी गयी थी. इसके बाद रात में यह दुर्घटना हुई.

परिजनों को दी जाएगी दो लाख की मुआवजा राशि

इधर, शनिवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया. इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है. सीओ ने बताया कि सड़क दुर्घटना अनुदान अनुग्रह राशि के तहत अज्ञात वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी. घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन की जल्द पहचान कर चालक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- आर्मी जवान के घर ताला तोड़कर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए 4 नकाबपोश



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील चंद्र दे

सुनील चंद्र दे प्रभात खबर में हिरणपुर के प्रतिनिधि हैं. उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. वर्ष 2009 से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और 2013 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, सामाजिक सरोकार, अपराध और स्थानीय मुद्दों की रिपोर्टिंग में उन्हें व्यापक अनुभव है. जमीनी और तथ्यपरक रिपोर्टिंग उनकी पहचान है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >