मुआवजा नहीं मिला तो ग्रामीणों ने पुल निर्माण रोका, भुगतान होने तक काम बंद रखने की चेतावनी

महेशपुर के राघोपाड़ा-टोला शेरपुर में जमीन का मुआवजा न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य को रोक दिया है. प्रशासन से भुगतान की मांग की गई है.

महेशपुर : मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत खांपुर पंचायत अंतर्गत राघोपाड़ा-टोला शेरपुर में निर्माणाधीन पुल का काम बुधवार को ग्रामीणों ने रोक दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के लिए अधिग्रहित रैयती जमीन का मुआवजा अब तक नहीं मिला है. मुआवजा भुगतान होने तक निर्माण कार्य नहीं होने देने की चेतावनी दी गयी है.

टोला शेरपुर के ग्राम प्रधान मंगल मुर्मू, सुशील मुर्मू एवं पलटन मुर्मू ने बताया कि पुल निर्माण के लिए तीनों की करीब 15 कट्ठा रैयती जमीन ली गयी है. कई माह बीत जाने के बाद भी मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब आठ माह से पुल निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन मुआवजा भुगतान को लेकर अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है.

ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित स्तर से बार-बार कागजात तैयार करने और मुआवजा राशि जल्द भुगतान करने की बात कही गयी, लेकिन अब तक राशि नहीं मिली. इससे नाराज होकर बुधवार को ग्रामीणों ने निर्माण कार्य बंद करा दिया. ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जमीन का मुआवजा मिलने के बाद ही पुल निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने दिया जाएगा.

ग्रामीणों के अनुसार करीब 324.570 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है. इसका शिलान्यास 16 मार्च 2025 को स्थानीय विधायक एवं सांसद ने किया था. ग्राम प्रधान मंगल मुर्मू ने कहा कि यदि जल्द मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया तो मामले को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >