रंडांगा विद्यालय चुनाव में छः मतों का अंतर, अभिभावकों ने लगाया गड़बड़ी का आरोप
पाकुड़ : पाकुड़ के उत्क्रमित विद्यालय रंडांगा में विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गुरुवार को विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने समाहरणालय पहुंचकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और 29 अगस्त को हुए चुनाव में त्रुटि का आरोप लगाया। अभिभावकों ने चुनाव परिणाम पर रोक लगाकर निष्पक्ष तरीके से पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
मतपत्रों और रजिस्टर में अंतर का आरोप
अभिभावकों का आरोप है कि चुनाव की मतगणना के दौरान कुल 337 मतपत्र सामने आए। इनमें हबीबुर शेख को 117, सफीकुल शेख को 113, एजाबुल शेख को नौ और सबरुल शेख को 98 मत प्राप्त हुए। अभिभावकों के अनुसार, विद्यालय के अभिभावक हस्ताक्षर उपस्थिति रजिस्टर में कुल 331 प्रविष्टियां ही दर्ज हैं। ऐसे में मतपत्रों की संख्या और रजिस्टर में दर्ज अभिभावकों की संख्या में छह का अंतर है। इसी अंतर को लेकर अभिभावकों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाया है।
चुनाव प्रक्रिया और मांग
अभिभावकों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया विद्यालय के शिक्षकगण एवं पर्यवेक्षक कैलाश प्रसाद भगत की मौजूदगी में करायी गयी थी। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराने, 29 अगस्त को हुए चुनाव परिणाम पर रोक लगाने तथा सभी पात्र अभिभावकों को मतदान का अवसर देते हुए निष्पक्ष तरीके से पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी का बयान
इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पूर्ति ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच करायी जाएगी। जांच के बाद यदि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी पायी जाती है, तो नियमानुसार पुनः चुनाव कराया जाएगा।
