बीएलए-2 के कार्यों की निगरानी के लिए सभी प्रखंडों में बनेंगे पर्यवेक्षक ग्रामीण मतदाताओं को दस्तावेज उपलब्ध कराने में जुटेगी पार्टी संगठन विस्तार और मतदाता सूची संरक्षण पर झामुमो कार्यकर्ताओं को निर्देश संवाददाता, पाकुड़ झामुमो जिला समिति की बैठक सोमवार को धनुषपूजा स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में 12 जून को केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय और केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा के प्रस्तावित आगमन के साथ-साथ विशेष मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान और बीएलए-2 प्रशिक्षण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई. जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-2 को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. उनके कार्यों की निगरानी और समन्वय के लिए सभी प्रखंडों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में सक्रिय रहकर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि योग्य मतदाताओं का नाम किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से न कटे. उन्होंने बताया कि 12 जून को जिला समिति की विस्तारित बैठक आयोजित होगी, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व बीएलए-2 द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करेगा और आवश्यक दिशा-निर्देश देगा. जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने बूथ समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने तथा दस्तावेज बनवाने में सहयोग करने की अपील की. बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम यादव, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, जिला सचिव माइकिल मुर्मू और केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. बैठक में केंद्रीय समिति, जिला समिति, विभिन्न मोर्चों और प्रखंड इकाइयों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
12 जून को झामुमो का केंद्रीय नेतृत्व करेगा मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा
झारखंड के पाकुड़ में झामुमो जिला समिति की बैठक में बीएलए-2 के कार्यों की निगरानी के लिए सभी प्रखंडों में पर्यवेक्षक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता ग्रामीण मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे। संगठन विस्तार और मतदाता सूची संरक्षण पर जोर दिया गया। 12 जून को केंद्रीय नेतृत्व द्वारा बीएलए-2 कार्यों की समीक्षा की जाएगी। बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का भी निर्देश मिला।
