Lohardaga News: जिले के खिलाड़ियों के लिए सोमवार का दिन खास रहा. उपायुक्त संदीप कुमार मीना और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर ने परिसदन के समीप नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का संयुक्त रूप से लोकार्पण किया. इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध खेल सुविधाओं और अन्य आधारभूत संरचनाओं का जायजा लिया. साथ ही स्टेडियम परिसर में स्थापित जिम का भी उद्घाटन किया.
गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों शेष कार्य : डीसी
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को स्टेडियम परिसर में शेष बचे सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को स्टेडियम की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी और वार्डन की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया, ताकि खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बेहतर वातावरण मिल सके.
‘पे एंड प्ले’ व्यवस्था को पारदर्शी बनाने का निर्देश
उपायुक्त ने स्टेडियम में संचालित ‘पे एंड प्ले’ व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अब तक हुए निबंधनों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सदस्यता शुल्क और मासिक शुल्क का नियमित संग्रह सुनिश्चित किया जाए तथा पूरी व्यवस्था पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो. इसके लिए सदस्यता एवं मासिक शुल्क के संधारण हेतु अलग बैंक खाता खोलने का भी निर्देश दिया.
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण
उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने का उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्टेडियम के समुचित रखरखाव और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी इस सुविधा का लाभ उठा सकें.
ये भी पढ़ें…
प्रशासन ने नहीं सुनी फरियाद तो ग्रामीणों ने खुद उठाया फावड़ा, कुड़ू में बना डाली 2 किमी सड़क
