लोहरदगा के कुड़ू में नशेड़ी बाप ने कमरे में सो रहे बेटे को टांगी से काटा, जंगल से किया गया गिरफ्तार

लोहरदगा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने नशे की हालत में अपने ही बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पिता को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है.


Lohardaga Crime News: लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी. पिता ने अपने ही बेटे की टांगी से वार कर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से हिरासत में ले लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली है.

एक सप्ताह से चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, सलगी गरभू टोली निवासी सुरेश वर्मा का पिछले करीब एक सप्ताह से अपने पुत्र संजय वर्मा के साथ विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि सुरेश अक्सर नशे की हालत में रहता था और उसका बेटा संजय इस बात का विरोध करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार कहासुनी होती रहती थी. परिवार के लोगों के अनुसार पिता-पुत्र के रिश्तों में पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था.

नशा कर लौटने के बाद किया वार

बुधवार सुबह सुरेश वर्मा घर से निकला और पड़ोस में जाकर नशा करने के बाद करीब 8 बजे वापस लौटा. उस समय घर में संजय अकेला अपने कमरे में सो रहा था. पुलिस के अनुसार घर में प्रवेश करते ही सुरेश ने टांगी उठायी और सीधे कमरे में पहुंचकर सो रहे संजय के माथे पर जोरदार वार कर दिया. अचानक हुए हमले से संजय को संभलने का मौका भी नहीं मिला और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी.

परिजनों ने देखा खून से लथपथ शव

घटना की जानकारी तब हुई जब घर के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे. उन्होंने देखा कि संजय खून से लथपथ फर्श पर पड़ा है. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद सुरेश वर्मा मौके से फरार हो गया, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया.

जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी

सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया. इसके साथ ही आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू की गयी. पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से सुरेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली गयी.

इसे भी पढ़ें: BGR माइंस पर INTUC का हमला, बोले सुरजीत नागवाला - रैयत-विस्थापितों को ठगना बंद करे, नहीं तो होगी तालाबंदी

मामले की जांच जारी

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हत्या के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं. पिता के हाथों बेटे की हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

इसे भी पढ़ें: Jharkhand SIR: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और सुधार कराने की तारीख बढ़ी, अब 30 सितंबर तक मिलेगा मौका

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar raj kuru

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >