लोहरदगाः प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित बुनियादी उच्च विद्यालय, सेन्हा के खेल मैदान में खेलो झारखंड प्रतियोगिता के तहत प्रखंड स्तरीय अंडर-17 बालिका वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता का शुभारंभ बीपीओ प्रकाश रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया.
प्रतिभाओं को आगे लाने का प्रयास
बीपीओ प्रकाश रंजन ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें आगे लाना उद्देश्य है. वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं. चयनित बालक-बालिकाएं जिला स्तर पर अपने विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे.
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सौंपा खेल विकास का डीपीआर
विभिन्न खेलों में छात्राओं ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया. खो-खो प्रतियोगिता में मध्य विद्यालय इचरी की बालिकाओं ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सेन्हा की टीम दूसरे स्थान पर रही.
वॉलीबाल प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सेन्हा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नंदलाल प्लस टू उच्च विद्यालय, अरु की टीम दूसरे स्थान पर रही. कबड्डी प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सेन्हा की टीम प्रथम और नंदलाल प्लस टू उच्च विद्यालय, अरु की टीम दूसरे स्थान पर रही. मौके पर शिक्षिका नीलिमा टेटे, सारू उरांव, अशोक भगत समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- पहले शादी का झांसा देकर शोषण, फिर इंस्टाग्राम पर तस्वीर डालकर बदनाम किया; युवक गिरफ्तार
