लोहरदगा: पतंजलि योग समिति तथा भारत स्वाभिमान के तत्वावधान में योग, आयुर्वेद और स्वदेशी अभियान का एकदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन युवाओं के बीच किया गया. यह कार्यक्रम अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर आयोजित किया गया. इसका उदघाटन सीआरपीएफ के अधिकारी गिरीश प्रसाद तथा भारत स्वाभिमान के संरक्षक शिवशंकर सिंह ने किया.
मौके पर प्रवीण भारती ने दंड बैठक, आसन प्राणायाम आदि कराया़ कहा कि हम सभी केवल व्यक्ति नहीं संपूर्ण राष्ट्र की अभिव्यक्ति हैं. हमारी संस्कृति माता भूमि पुत्रो अहं पृथिव्याः की है. निरंतर विधिपूर्वक योगाभ्यास से हमारे अंदर की सुप्त शक्तियों का जागरण होता है. दिव्य जीवन, तनावमुक्त, रोगमुक्त आरोग्यवान जीवन की प्राप्ति होती है.
भय, भ्रम, संशय दूर होता है. आदमी शरीर,मन और वाणी से पाप नहीं करता. सीआरपीएफ 158 बटालियन के अधिकारी गिरीश प्रसाद ने कहा कि आज के समय में युवाओं को योगाभ्यास अवश्य करना चाहिए़ इससे शरीर स्वस्थ और निरोग रहता है. योग से हमें अपने शरीर की प्रतिकुलताओं से लड़ने में मदद मिलती है. शिवशंकर सिंह ने कहा कि स्वदेशी की अवधारणा बनाये बिना और स्वदेशी अपनाये बिना हम देश को समृद्ध नहीं बना सकते. हमारी पूंजी , हमारी फैक्ट्रियां, हमारे कामगार, व्यापारी, दुकानदार, कच्चा माल अपना, देश हमारा लेकिन सारा मुनाफा विदेशी कंपनियां ले जाती हैं.
देश की अर्थव्यवस्था को खोखला बनाती चली जा रही है परंतु पतंजलि के माध्यम से हम इनको परास्त करने में निश्चित रूप से सफल होंगे. मौके पर दिनेश प्रजापति, विजय जायसवाल, अनिल गुप्ता, अंकित अग्रवाल, नवनीत पांडेय एवं जवान उपस्थित थे़ युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और पतंजलि जूस का वितरण पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी अभय भारती, युवा प्रभारी शिवराज द्वारा किया गया. युवाओं ने प्रतिदिन अभ्यास करने का संकल्प लिया. सभा के अंत में सभी ने वंदे मातरम् का गान किया और स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया.
