चंदवा. बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित चेटर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे लाइन के ड्रेनेज नाले से एक युवती का शव बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जीआरपी बरकाकाना को दी.
जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मृतका ने टी-शर्ट और ट्राउजर पहन रखा था. घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ है. प्रारंभिक जांच में युवती की मौत ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, पुलिस हत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
टोरी आरपीएफ निरीक्षक विनोद कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल कर रही है. शव की पहचान के लिए भी प्रयास किये जा रहे हैं. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा.
