लातेहार: उपायुक्त संदीप कुमार व पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर चल रहे विशेष थाना दिवस कार्यक्रम के तहत बुधवार को चंदवा थाना परिसर में थाना दिवस का आयोजन किया गया. इसमें प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से करीब दो दर्जन लोगों ने भूमि संबंधी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया.
मौके पर एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह व अंचल निरीक्षक गोविंदा कुमार गुप्ता ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं. इस दौरान दर्जनभर से अधिक मामलों का निष्पादन किया गया. शेष मामलों को आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर अग्रतर कार्रवाई के लिए रखा गया.
एसडीपीओ श्री गुप्ता ने बताया कि थाना दिवस का उद्देश्य आम लोगों को छोटे-मोटे भूमि विवादों का त्वरित समाधान दिलाना है. ग्रामीणों को विभिन्न कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसलिए यह शिविर लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यहां लंबित मामलों की भी समीक्षा की जा रही है. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं.
मौके पर चंदवा थाना के पुलिस अधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे.
