लातेहार. जिला समाहरणालय के सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में पलामू टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में स्थित कुजरूम और लाटू गांव के ग्रामीणों के पुनर्वास को लेकर बैठक हुई. इसमें समीपवर्ती गांवों के ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में सरयू प्रखंड की चोरहा पंचायत के लाई और पइलापथल गांव में प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर आवश्यक सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
पुनर्वास स्थल पर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि पुनर्वास की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों की जरूरतों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाये. प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाये. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
आपत्ति और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखने की अपील
उपायुक्त ने ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से पुनर्वास प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुनर्वास संवेदनशील विषय है. सभी पक्षों के सहयोग और आपसी समन्वय से ही बेहतर समाधान निकाला जा सकता है. किसी तरह की समस्या या आपत्ति होने पर उसे प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की गयी, ताकि नियमानुसार उसका समाधान किया जा सके.
बैठक में ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से प्रस्तावित पुनर्वास स्थल और आसपास के क्षेत्रों को लेकर सुझाव भी लिये गये. उपायुक्त ने प्राप्त सुझावों और आवश्यकताओं के आधार पर संबंधित विभागों को आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उप निदेशक पलामू व्याघ्र परियोजना उत्तरी प्रमंडल कुमार आशीष, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुंडरी, एसडीपीओ पूजा कुमारी, सांसद प्रतिनिधि विवेकानंद गुप्ता, मनिका विधायक प्रतिनिधि सुनील प्रसाद समेत ग्राम प्रधान उपस्थित थे.
